मां तेरा होना जैसे पूरी सारी कमी हो
मां तेरा होना जैसे पैरों तले जमीं हो
सुबह सवेरे तेरी आहट का एहसास,
मां तेरा होना जैसे मरुस्थल में नमी हो।
मां तेरा होना जैसे शून्यता की पूर्ति हो
मां तेरा होना आलसी में आई स्फूर्ति हो
सारे दिन घर में टकराती तेरी आवाज,
मां तेरा होना जैसे प्राण आई मूर्ति हो।
मां तेरा होना जैसे अमावस में रौशनी हो
मां तेरा होना जैसे मुश्किल में राह बनी हो
असमंजस में हर बार प्रेरणा का रूप तेरा,
मां तेरा होना जैसे किस्मत के हम धनी हो।
मां तेरा होना जैसे बेघर के उपर छत हो
मां तेरा होना जैसे सुख का कोई लत हो
दूर अकेले लड़को को आई जो तेरी याद
मां तेरा होना जैसे प्रथम प्रेम का खत हो।

मां तेरा होना जैसे विचार में निर्मलता हो
मां तेरा होना जैसे भाव में कोमलता हो
मां तेरा होना जैसे व्यवहार में सरलता हो
मां तेरा होना जैसे कौशल में कुशलता हो
मां तेरा होना जैसे बातों में शीतलता हो
मां तेरा होना जैसे हृदय में विशालता हो
मां तेरा होना जैसे संकल्प में प्रबलता हो
मां तेरा होना जैसे आचरण में निश्चलता हो
मां तेरा होना जैसे प्रातः सूर्य निकलता हो
चाहे जो संघर्ष कर लें है तेरे बिन वो अधूरा
मां तेरा होना जैसे जीवन की सफलता हो।
